Breaking
Tue. Apr 14th, 2026

हिमाचल दिवस पर मंडी के सेरी मंच पर ध्वजारोहण करेंगे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह

मंडी, 13 अप्रैल।* लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह हिमाचल दिवस के अवसर पर मंडी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। 15 अप्रैल को ऐतिहासिक सेरी मंच, मंडी में आयोजित इस समारोह में लोक निर्माण मंत्री सुबह 11.00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण करेंगे और भव्य मार्चपास्ट की सलामी लेंगे तथा अपना संदेश देंगे।

लोक निर्माण मंत्री इससे पहले इंदिरा मार्केट परिसर स्थित संकन गार्डन में शहीद स्मारक तथा गांधी चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। हिमाचल दिवस के इस समारोह में देशभक्ति और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी।

उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि समारोह में पुलिस, गृह रक्षक, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। परेड के माध्यम से अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और युवा शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन किया जाएगा।

समारोह में स्थानीय स्कूलों व विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, वहीं लघु नाटिका के माध्यम से जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता संबंधी संदेश दिया जाएगा।

प्रवास कार्यक्रम के अनुसार लोक निर्माण एवं शहरी आवास मंत्री 14 अप्रैल को सायंकाल मंडी पहुंचेंगे। उनका रात्रि ठहराव परिधि गृह मंडी में होगा। 15 अप्रैल को जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के उपरांत वे शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन, सहित संबंधित विभाग समारोह के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित मंडीवासियों से आह्वान किया कि हिमाचल दिवस के इस महत्वपूर्ण अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर समारोह की गरिमा बढ़ाएं और प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के इस उत्सव में सहभागी बनें।

-0-

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *