लुहाखर दंगल में छोटी माली ध्वाल के पहलवान विशाल और बड़ी माली दिल्ली के नरेश के नाम
पवन देवगन ठाकुर
सुन्दरनगर, 27 अप्रैल :
सुन्दरनगर के कपाही के साथ लगते गाँव लुहाखर में लखदाता मंदिर कमेटी द्वारा एक विशाल एवं रोमांचक दंगल का सफल आयोजन किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के नामी-गिरामी पहलवानों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन ने क्षेत्र में खेल प्रेमियों को आकर्षित किया और पारंपरिक कुश्ती की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया।
दंगल का शुभारंभ बीएसएनएल के अकाउंट्स ऑफिसर योगराज राव ने किया। वही, समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आर.के.एम. पब्लिक स्कूल कपाही के फाउंडर करम सिंह ठाकुर उपस्थित रहे, जिन्होंने विजेता पहलवानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर रिटायर्ड सुपरिंटेंडेंट पूर्ण चंद, किशोरी लाल, हुकुम सिंह बन्याल, रिटायर्ड सूबेदार मुनी लाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।

कुश्ती प्रतियोगिता में छोटी माली के विजेता हिमालय रूप अखाड़ा ध्वाल के पहलवान विशाल रहे, जबकि दिल्ली के अक्षय ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बड़ी माली में नरेश (दिल्ली) विजेता बने और मॉन्टी (रोहतक) उपविजेता रहे। विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को गुर्ज एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान मुख्यातिथि योगराज राव ने 11,000 रुपये तथा आरकेएम स्कूल के फाउंडर करम सिंह ठाकुर ने 5,100 की राशि दंगल कमेटी को भेंट की।
प्रधान राकेश कुमार के नेतृत्व में कमेटी के सदस्यों, जसवंत सिंह ठाकुर, देवी सिंह, आदव सिंह ठाकुर, बिरेन्द्र राघवा, लेखराज, बिरेन्द्र भारती (प्रिंसिपल आरकेएम), कमलकांत, वंशीधर व लाल सिंह व कपाही के मशहूर पहलवान पवन रावत व रिंटू सहित सभी ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। दंगल के दौरान मुख्यातिथि करम सिंह ठाकुर ने युवाओं में नशों से दूर रहने व खेल भावना, अनुशासन और पारंपरिक खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

