Breaking
Sun. Apr 26th, 2026

राष्ट्रपति दौरे को लेकर कुल्लू में सख्त सुरक्षा, ड्रोन और यातायात पर लगी रोक

राष्ट्रपति के प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला कुल्लू प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विशेष आदेश जारी किए हैं। यह दौरा 27 अप्रैल से 2 मई 2026 तक निर्धारित है, जिसमें 29 अप्रैल को अटल टनल रोहतांग का भ्रमण भी शामिल है।

जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू, अनुराग चन्द्र शर्मा द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत निर्देश जारी करते हुए 28 और 29 अप्रैल 2026 के दौरान सभी प्रकार की हवाई गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस प्रतिबंध के अंतर्गत ड्रोन, अनमैन्ड एरियल व्हीकल्स (UAVs), पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून सहित अन्य सभी हवाई संचालन शामिल हैं। यह रोक विशेष रूप से अटल टनल रोहतांग, राष्ट्रपति के प्रवास स्थल और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी रहेगी, जब तक कि 29 अप्रैल को दौरा समाप्त नहीं हो जाता।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति के संभावित भ्रमण मार्ग और आस-पास के क्षेत्रों में खुदाई, उत्खनन और ट्रेंचिंग जैसी गतिविधियों पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यह कदम भूमिगत दूरसंचार संरचना की सुरक्षा और संचार सेवाओं को बिना बाधा जारी रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए भी प्रशासन ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 29 अप्रैल को वीवीआईपी दौरे के दौरान पलचान पुल से अटल टनल रोहतांग (दक्षिण पोर्टल) की ओर किसी भी वाहन की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध दोपहर 12 बजे तक या दौरा समाप्त होने तक लागू रहेगा।

इसके साथ ही, पलचान पुल की ओर आने वाले वाहनों को निर्धारित समय के दौरान गुलाबा की दिशा में मोड़ा जाएगा। वहीं वशिष्ठ चौक से रोहतांग की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा और उन्हें वशिष्ठ क्षेत्र की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

जिला प्रशासन कुल्लू ने सभी विभागों, संस्थानों, ऑपरेटरों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *