Breaking
Sun. Feb 1st, 2026

सेवा सप्ताह अभियान के तहत प्रज्ञयता दिवस आयोजित, वरिष्ठ नागरिकों से किया साक्षात्कार

राजीव बहल ब्यूरो मंडी

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पहली से सात अक्तूबर तक सेवा सप्ताह अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान करना और उनके प्रति समाज में आदर सत्कार की भावना को और मजबूती देना है। इसी अभियान के अंतिम दिन यानि कि 7 अक्तूबर को प्रज्ञयता दिवस के तौर पर मनाया गया। इस दौरान जीवन में बेहतरीन कार्य करने वाले तथा दूसरे के प्रेरणा स्त्रोत बने वरिष्ठ नागरिकों से साक्षात्कार किया गया।
इस बारे जानकारी देते हुए तहसील कल्याण अधिकारी जोगिन्दर नगर चंदन वीर सिंह ने बताया कि सेवा सप्ताह अभियान के अंतिम दिन आज दूसरों के रोल मॉडल का काम करने वाले वरिष्ठ नागरिकों का साक्षात्कार किया गया। जिनमें राष्ट्रपति शिक्षक अवार्ड से सम्मानित शंभू राम जसवाल तथा हिमाचल प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारी ओम प्रकाश ठाकुर शामिल हैं।

उन्होने बताया कि 67 वर्षीय ओम प्रकाश ठाकुर तहसील लडभड़ोल के गांव खद्दर के मूल निवासी हैं जो वर्तमान में जोगिन्दर नगर में रह रहे हैं। ओम प्रकाश ठाकुर हिमाचल प्रशासनिक सेवा से बतौर एसडीएम सेवानिवृत हुए हैं। हिमाचल प्रशासनिक सेवा में आने से पहले ओपी ठाकुर भारतीय सेना की शिक्षा कोर में लगभग 22 वर्ष तक भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद प्रदेश शिक्षा विभाग में शिक्षक के तौर पर भी सेवाएं प्रदान की हैं। वर्ष 2001 में हिमाचल प्रशासनिक सेवा उत्तीर्ण कर तहसीलदार के पद पर चयनित हुए तथा वर्ष 2007 से लेकर 2013 तक बतौर प्रशासनिक अधिकारी एवं एसडीएम अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। वर्तमान में वे पिछले लगभग 7 वर्षों से भारतीय पब्लिक स्कूल जोगिन्दर नगर में बतौर प्रशासक अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

इसी तरह 73 वर्षीय शिक्षक शंभू राम जसवाल हिमाचल शिक्षा विभाग में बतौर शारीरिक शिक्षक 39 वर्ष सेवाएं प्रदान करने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। इस दौरान उन्हे वर्ष 1993 में हिमाचल प्रदेश राज्य शिक्षक अवार्ड तथा वर्ष 1994 में राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड से नवाजा जा चुका है। शंभू राम जसवाल ने बतौर शिक्षक के साथ-साथ व्यक्तिगत तौर पर भी वर्ष 1989 से 2002 तक राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वेटनर्स धावक के तौर पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अनेक पदक हासिल किये हैं।

चंदन वीर सिंह ने बताया कि हमारे समाज के ये वरिष्ठ नागरिक हमारी युवा पीढ़ी के लिये प्रेरणा स्त्रोत हैं। सेवा सप्ताह अभियान के माध्यम से ऐसे वरिष्ठ नागरिकों की उपलब्धियों को समाज के साथ साझा करते हुए दूसरों को भी प्रेरित करना है।

By himachalpradeshlive

We are the latest Himachal News Provider.

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *