जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित विधायक इन्द्र सिंह गांधी रहे विशेष रूप से मौजूद
पवन देवगन ठाकुर
नेरचौक, 23 जनवरी : वीरवार को बल्ह में भाजपा नेरचौक मंडल के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर की अध्यक्षता में संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गाँधी मुख्य वक्ता और भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक इन्द्र सिंह गांधी ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के अमूल्य योगदान के कारण ही हमारा संविधान बना और आज तक इसका लोक कल्याण का स्वरूप बरकरार रहा है। कांग्रेस ने सदैव बाबा साहेब के योगदान को दबाकर रखा और उनको कभी भी उचित सम्मान नहीं दिया।

कांग्रेस ने केवल राजनीति के लिए बाबा साहेब के नाम का इस्तेमाल किया जबकि भाजपा ने बाबा साहेब को भारत रत्न से नवाजा और उनके निवास, अध्ययन स्थल और उनके जीवन से जुड़े स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया, जिससे लोगों को प्रेरणा मिल सके। विधायक ने राहुल गांधी के संविधान की रक्षा करने की बात पर भी तंज कसते हुए कहा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने जब संविधान बनाया था तो उसकी रक्षा की व्यवस्था भी उसी में निहित कर दी थी। कांग्रेस का मूल संविधान ही एक दर्जन से ज्यादा बार संशोधित हो चुका है। उन्होंने राहुल गांधी का कटाक्ष करते हुए कहा कि जो अपने संविधान के नहीं हुए वो भारतीय संविधान की कॉपी हाथों ने लेकर घूमते हैं। विधायक इंद्र सिंह गाँधी ने कांग्रेस के संविधान बदलने के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि आरक्षण प्रस्तावना की मूल व्यवस्था है और मूल व्यवस्था से कोई छेडछाड़ नहीं कर सकता। हम तो इसके बारे में सोच भी नहीं सकते। क्योंकि भारत का संविधान देश की आत्मा है न कि यह कोई पुस्तक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने बाबा साहेब के खिलाफ कई षड्यंत्र रचे थे और उनके नाम पर संविधान बचाने की बात कहकर राजनीति कर रहे हैं।

