रोहित सागर ( सरकाघाट ): टिक्कर पंचायत के खथोगान गांव में 28 जनवरी को गोली लगने से घायल हुई युवती के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में अब युवती प्रमिला के माता-पिता ने चर्चित पुलिस हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। जिसके बाद मनोज ठाकुर के खिलाफ सरकाघाट थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आपको बता दें कि यह वाक्या 28 जनवरी का है। सरकाघाट के खथोगान गांव में गोली लगने से युवती प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। गोली लगने के बाद युवती को पहले रिवालसर अस्पताल और फिर नेरचौक मेडिकल कॉलेज से पीजीआई रेफर किया गया था। गोली युवती के दिल के पास लगी है और उसका उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है।
इस मामले में पहले यह बात सामने आई थी कि बंदरों को भगाने के लिए एयर गन से फायर करने के कारण युवती छर्रे लगने से घायल हुई है, लेकिन अब युवती के माता-पिता ने सीधे तौर पर हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर पर गोली चलाने और उसे घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस अब इस बात की जांच करेगी कि गोली एयर गन से चली या पिस्तौल से। पीड़ित लड़की और हेड कांस्टेबल मनोज दोनों एक ही गांव के हैं और पड़ोसी हैं।
अब आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद मनोज ठाकुर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया कि लड़की के माता-पिता की ओर से शिकायत मिली है। जिसके आधार पर मनोज ठाकुर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

