Breaking
Fri. Dec 5th, 2025

‘‘हिमाचल की लोक संस्कृति को देश विदेश तक पहुंचाना है जोनी ठाकुर का सपना‘‘

जोगेंद्रनगर में पांचवीं वीडियो एलबम के अनावरण पर बोली लोक गायिका, प्रशासन ने अपनी वीडियो एलबम में सम्मान दिलाकर साकार किए उसके सपने

राजीव बहल जोगेंद्रनगर

हिमाचली लोक संस्कृति को अपनी सुरीली आवाज से देश विदेश तक पहुंचाना जोनी ठाकुर का सपना है। शनिवार को जोगेंद्रनगर के लक्ष्मी बाजार में रोटरी कल्ब के कार्यालय में अपनी पांचवीं वीडियो एलबम गोरी के लाल के अनावरण पर लोक गायिका जोनी ठाकुर ने कहा कि स्थानीय प्रशासन ने अपनी वीडियो एलबम जोगेंद्रनगरा रे नजारे में सम्मान दिलाकर उनके सपने को साकार करने के लिए जो बल दिलाया है उससे उन्हें अब गायकी के क्षेत्र में और भी अधिक स्थान मिल पा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भी उन्हें अपनी आवाज का जादू बिखेरने का अवसर मिल रहा है। महज दस साल की आयु में उन्होंने गीत गाना शुरू कर दिया था। परिजनों ने उनकी गायकी के क्षेत्र में पूरा सहयोग किया और अब अपनी पांचवीं वीडियो एलबम उन्होंने हिमाचल प्रदेश में रिलीज की है। जोनी ने बताया कि प्रदेश और देश में बीते 15 सालों में चार सौ से अधिक स्टेज शो वह कर चुकी है। नाटी क्वीन बनना भी उनका सपना है।

बताया कि गायकी के माध्यम से उन्हें अगर बॉलीबुड में कदम रखने का मौका मिलता है तो यहां पर भी वह अपने हुनर का परचम लहराएगी। जोनी ठाकुर ने बताया कि जोगेंद्रनगर प्रशासन के पर्यटन पर आधारित वीडियो एलबम जोगेंद्रनगर के नजारे को दो माह में दो लाख तीस हजार दर्शकों ने सराहा, मेला जाणा सिद्ध जोगी दे, इंडिया ने रूणझुण लाई, ईश्क 2021 वीडियो एलबम की व्यूशिप भी एक लाख से अधिक रही। रोटरी कल्ब के अध्यक्ष रामलाल वालिया, जन संपर्क व सूचना अधिकारी राजेश जसवाल, प्रैस कल्ब जोगेंद्रनगर के अध्यक्ष अश्वनी सूद, रोटेरियन मेजर ज्ञान चंद बरवाल, डॉ अनिल कुमार, सुरेंद्र ठाकुर व रोटरी कल्ब के सचिव एनआर बरवाल की उपस्थिति में जोनी ठाकुर की वीडियो एलबम शनिवार को रिलीज हुई।

अपने संबोधन में रोटरी कल्ब के अध्यक्ष रामलाल वालिया ने कहा कि जोगेंद्रनगर की बेटी जोनी ठाकुर ने गायकी के क्षेत्र में न केवल जोगेंद्रनगर बल्कि प्रदेश का नाम भी देश में रोशन किया है। हाल ही में रोटरी कल्ब के एक समारोह में उन्हें सम्मानित भी किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की लोक संस्कृति को सहेजने वाली लोक गायिका जोनी ठाकुर को रोटरी कल्ब के डीजी उपेंद्र सिंह घई ने भी सम्मानित किया है। वह अपने लोकगीतों के माध्यम से पहाड़ी संस्कृति का जो योगदान दे रही है इससे प्रदेश का देश में अलग पहचान मिली है।

By himachalpradeshlive

We are the latest Himachal News Provider.

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *