पवन देवगन ठाकुर
पवन देवगन ठाकुर.
नेरचौक, 03 जनवरी : बांस के कटान पर लगे प्रतिबंध को हटाने को लेकर बल्ह के विधायक इंदर सिंह गांधी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिले और उन्हें बल्ह के किसानों की व्यथा सुनाते हुए कहा कि अभी हाल ही में सरकार द्वारा समस्त पेड़ों के कटान पर जो प्रतिबन्ध लगाया गया है जिसमें कि बांस भी शामिल है, बांस के कटान पर प्रतिबन्ध लगने के कारण बल्ह के समस्त किसानों व युवाओं के आगे असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। बल्ह में लगभग एक करोड़ टमाटर की पेटी का उत्पादन होता है जो कि किसानों तथा बेराजगार युवाओं के रोजगार का एक मात्र साधन है तथा इसी से बल्ह विधानसभा के किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होती है। आजकल किसान टमाटर के बीज की बिजाई कर रहे है तथा फरवरी माह में टमाटर के पौधों की रोपाई का काम शुरू हो जाता है। इसके तुरन्त बाद टमाटरों के पौधों को सहारे के लिए बांस की तुरन्त आवश्यकता पड़ जाती है। बांस के बिना टमाटर की फसल का उत्पादन असम्भव है। इसके अतिरिक्त दूसरी नगदी फसलों जैसे कि खीरा, करेला, घिया इत्यादि के उत्पादन के लिए भी बांस की आवश्यकता पड़ती है। इन फसलों का भी किसानों की आर्थिकी में विशेष योगदान रहता है। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खू से भेंट कर के आग्रह किया है कि जब तक बांस के विकल्प की कोई व्यवस्था सरकार द्वारा नहीं की जाती है तब तक बांस के कटान पर लगे प्रतिबन्ध को तुरन्त हटाने के आदेश जारी किये जायें ताकि किसानों को राहत मिल सके।

