Breaking
Fri. Dec 5th, 2025

कांग्रेस नेता बल्ह के विकास कार्यों में कर रहे बाधा उत्पन्न : इन्द्र सिंह गांधी

बल्ह विधायक ने पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी को दी सार्वजनिक डिबेट करने की चुनौती

पवन देवगन ठाकुर

नेरचौक,13 जनवरी : बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी व एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया पर बल्ह के विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप जड़ा है। बीते दिन नेरचौक में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक ने कहा कि कांग्रेस नेता बल्ह के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दो साल के शासनकाल में बल्ह में कोई विकास नहीं हुआ है। बल्कि उल्टा भाजपा कार्यकाल में बजट के साथ जिन योजनाओं को धरातल पर उतारने की शुरुआत की गई थी, वे भी अधूरी पड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ 33 लाख बजट के साथ बस स्टैंड रिवालसर का हमने शिलान्यास करवाया था मगर इसका कार्य आज भी अधर में लटका हुआ है। सब्जी मंडी का मामला भी अधर में लटका हुआ है। आईटीआई व पुलिस थाना रिवालसर, वेटरनरी अस्पताल दुर्गापुर, वेटरिनरी डिस्पेंसरी स्योहली व बिजली बोर्ड के मंडल कार्य को डी-नोटिफाई कर दिया गया। मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा हुआ है। ऐसे दर्जनों उदाहरण है जो कांग्रेस के इन नेताओं की नकारात्मक सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकाश चौधरी बताएं कि 20 साल सत्ता सुख भोगते हुए आपने कितनी सड़कों और कितने पुलों का निर्माण करवाया। इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि मैंने बल्ह के लिए 18 सड़कों का निर्माण करवाया। बल्ह विधायक ने पूर्व मंत्री को सार्वजनिक रूप से डिबेट करने की चुनौती देते हुए कहा कि मेरे साथ सार्वजनिक जनता व मीडिया के समक्ष डिबेट करे कि 20 वर्ष के राज में आपने क्या विकास किया और मैंने कितना विकास किया। उन्होंने कहा कि मैंने कलखर रत्ती सड़क के लिए 26 करोड रुपए की केंद्र से मंजूरी करवाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी विकास के नाम पर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। गांधी ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्ज पर कर्ज ले रही है। 2022 से कांग्रेस ने सत्तासीन होते ही ठेकेदारों की पेमेंट पर पाबंदी लगा दी है ठेकेदारों के बिल पास नहीं हो रहे हैं और वे भी कर्ज में दबते जा रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा रिवालसर मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र राणा, नेरचौक (बल्ह ) मंडल के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर तथा मीडिया प्रभारी पवन कुमार भी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *